बिसौली। स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत, अग्निवीर में चयनित चौथा गंभीर
– दोस्त को बुखार आने पर दवा दिलाने बिसौली जा रहे थे चारों युवक, गांव से एक किलोमीटर पहले हादसा, हत्सा में मचा कोहराम
बिसौली (बदायूं) बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दोस्त को दवा दिलाने निकले चार युवकों की बाइक को स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अग्निवीर में चयनित चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर मदनजुड़ी गांव के पास हुआ। चारों युवक अपने गांव हत्सा से महज एक किलोमीटर दूर थे। तीन युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक हत्सा गांव निवासी चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बिसौली जा रहे थे। बताया गया कि निकिल को बुखार आने पर उसके दोस्त उसे दवा दिलाने के लिए साथ निकले थे। रास्ते में मदनजुड़ी गांव के पास स्कूल बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि रोहन, ऋषभ और निकिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिस दोस्त को राहत दिलाने के लिए तीन साथी साथ चले थे, उसी सफर में तीनों की जान चली गई। वहीं हादसे में शिवा गंभीर रूप से घायल हुआ है। शिवा का अग्निवीर में चयन हुआ था। उसके घायल होने की खबर से परिवार की चिंता बढ़ गई है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से हत्सा में शोक की लहर दौड़ गई। घरों में चीख-पुकार मची है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे की जांच-पड़ताल में जुटी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com