6:36 pm Monday , 12 October 2026
BREAKING NEWS

वनस्पति विभाग में छात्रों ने प्रस्तुत किए शोधपरक विषय

राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित 15 दिवसीय स्टूडेंट्स सेमिनार श्रृंखला के छठे दिन छात्र-छात्राओं ने वनस्पति विज्ञान से जुड़े विविध शोधपरक विषयों पर अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
सेमिनार के दौरान बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सीमा ने “डिस्क्रिप्शन लैंग्वेज ऑफ टैक्सोनॉमी – डेल्टा” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि डेल्टा एक मानकीकृत कंप्यूटर डेटा प्रारूप है, जिसका उपयोग पौधों के वर्गीकरण, विवरण एवं स्वचालित पहचान में किया जाता है। इसके माध्यम से पादपों के लक्षणों को डिजिटल रूप में संग्रहीत एवं विश्लेषित किया जा सकता है, जो आधुनिक वनस्पति अनुसंधान तथा टैक्सोनॉमिक कुंजी निर्माण में अत्यंत उपयोगी है।
इसी क्रम में छात्रा नैना सिंह ने “आर्टिफिशियल, नेचुरल एवं फाइलोजैनेटिक क्लासीफिकेशन” विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने वनस्पति विज्ञान में प्रयुक्त विभिन्न वर्गीकरण प्रणालियों के मूलभूत अंतरों को स्पष्ट करते हुए बताया कि कृत्रिम, प्राकृतिक एवं जातिवृत्तीय वर्गीकरण पद्धतियाँ पौधों के विकास एवं पारस्परिक संबंधों को समझने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
छात्र शौर्य जौहरी ने ‘एंगलर एवं प्रैंटल का वर्गीकरण सिद्धांत’ विषय पर अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने पादप वर्गीकरण की इस महत्वपूर्ण जातिवृत्तीय प्रणाली की विशेषताओं, विकासवादी क्रम तथा पौधों के वैज्ञानिक वर्गीकरण में इसके योगदान पर विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का संचालन वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. सरिता ने किया। उन्होंने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेमिनार छात्रों की शोध दृष्टि, वैज्ञानिक सोच एवं प्रस्तुति कौशल के विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.