4:49 pm Monday , 12 October 2026
BREAKING NEWS

राजकीय आईटीआई अलीगंज में 16 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेला: 800 पदों पर युवाओं को मिलेगा रोजगार का सुनहरा अवसर

लखनऊ, 11 अक्टूबर 2026।

उत्तर प्रदेश के युवाओं को तकनीकी कौशल के आधार पर प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसर सुलभ कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में आगामी 16 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:00 बजे से एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले (कैंपस प्लेसमेंट) का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ‘हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड’ तथा नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ‘बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा कुल 800 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड द्वारा अप्रेंटिसशिप योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के अंतर्गत कुल 300 पदों (150 पुरुष एवं 150 महिला अभ्यर्थी) पर चयन किया जाएगा।

आईटीआई अप्रेंटिस (150 पद): फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 50 पुरुष व 100 महिला अभ्यर्थियों को ₹17,060 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप के बाद एक वर्ष टीटीएस (TTS) के तहत ₹18,060 प्रतिमाह वेतन देय होगा।

पीएमआईएस – स्टूडेंट ट्रेनी (150 पद): 10वीं/12वीं उत्तीर्ण (गैर-आईटीआई) 18 से 25 वर्ष के 50 पुरुष व 100 महिला अभ्यर्थियों को कुल ₹23,321 प्रतिमाह का लाभ मिलेगा, जिसमें ₹15,221 कंपनी द्वारा तथा ₹8,100 केंद्र सरकार द्वारा सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किए जाएंगे।

शारीरिक मानक व सुविधाएं: न्यूनतम ऊंचाई पुरुष 160 सेमी व महिला 150 सेमी तथा न्यूनतम वजन पुरुष 50 किग्रा व महिला 40 किग्रा होना अनिवार्य है। ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को वरीयता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को रेवाड़ी (हरियाणा) स्थित प्लांट हेतु 3 दिन होटल स्टे, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते, कैंटीन, ₹1 लाख का मेडिक्लेम, सवेतन अवकाश और अनुभव प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर 9118561562 जारी किया गया है।

बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में 500 पदों पर भर्ती:
सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए बैक्स एनर्जी द्वारा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 500 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन कंपनी रोल्स पर किया जाएगा।

द्वारका (गुजरात) सोलर प्रोजेक्ट व तमिलनाडु-कर्नाटक विंड पावर प्लांट: आईटीआई (तकनीकी) एवं बीएससी ग्रेजुएट अभ्यर्थियों का टेक्नीशियन/हेल्पर पद पर ₹17,000 मासिक सीटीसी तथा मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा धारकों का ट्रेनी/टेक्नीशियन पद पर ₹18,000 मासिक सीटीसी पर चयन होगा।

चयनित अभ्यर्थियों को सीटीसी के अतिरिक्त पीएफ, ईएसआईसी एवं अन्य लागू भत्ते व सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साइट आधारित तकनीकी व शारीरिक कार्यों के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज (लखनऊ) परिसर में उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं, 12वीं, आईटीआई या डिप्लोमा की अंकतालिकाएं व प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति तथा 4 पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।

संपर्क सूत्र: धर्मवीर खरे 8737008603

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.