बदायूं
पथरी के ऑपरेशन के दौरान 27 वर्षीय महिला की मौत, अशोका हॉस्पिटल में हंगामा; लापरवाही के आरोप
केशव गुप्ता
बदायूं। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित अशोका हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान 27 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों के सवालों के बीच महिला की मौत का मामला गंभीर हो गया है।
मृतका की पहचान रूपरानी (27), पत्नी कुलदीप, निवासी गांव दसिया, थाना कलान, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। मृतका के पति कुलदीप ने ऑपरेशन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दोबारा ऑपरेशन किए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com