बदायूं
उसहैत में मलेशिया के 18 डॉक्टरों ने लगाया मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों को मिला उपचार
केशव गुप्ता
प्रवेश कुमार और सपना बौद्ध के प्रयासों से आयोजित हुआ शिविर, विदेशी डॉक्टरों को देखने के लिए उमड़े ग्रामीण
उसहैत/बदायूं। बदायूं जिले के उसहैत क्षेत्र में मलेशिया से आए डॉक्टरों की टीम ने मुफ्त स्वास्थ्य शिविर लगाकर सैकड़ों मरीजों की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। कटरा सआदतगंज-इटोआ उसहैत बाईपास के पास स्थित प्रवेश कुमार के स्कूल में मेत्ता वेलफेयर सोसाइटी की ओर से इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मलेशिया से आए 18 डॉक्टरों के साथ 12 श्रामणेर (बौद्ध भिक्षु) और पांच वॉलंटियर शामिल रहे। डॉक्टरों की टीम ने सायटिका, गठिया, दर्द, लिकोरिया, गांठ, पथरी, चर्म रोग और बुखार सहित विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उपचार किया। मरीजों को जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाएं भी दी गईं।
विदेशी डॉक्टरों को देखकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह
गांव में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विदेशी डॉक्टरों की टीम पहुंचने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई ग्रामीणों के लिए विदेशी नागरिकों को अपने गांव में करीब से देखना एक नया अनुभव रहा। पूरे क्षेत्र में यह शिविर चर्चा का विषय बना रहा और बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे।
भारतीय परंपरा के अनुसार किया सम्मान
इस शिविर को सफल बनाने में प्रवेश कुमार और सपना बौद्ध का विशेष योगदान रहा। उन्होंने भारतीय परंपरा और अतिथि सत्कार की भावना के अनुरूप मलेशिया से आए डॉक्टरों एवं उनकी टीम का सम्मान किया और जलपान की व्यवस्था की।
इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, उपचार और दवाओं का लाभ मिला। ग्रामीणों ने इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए सराहना की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com