उझानी: झंडी पूजन कर हनुमान संग गणेश जी की निकली भव्य शोभायात्रा, ऐतिहासिक रामलीला का हुआ शुभारंभ।
पूरे नगर में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत।
उझानी (बदायूं) 10 अक्टूबर।
नगर की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ रविवार को बड़े ही विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मोहल्ला खेड़ापति में श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी द्वारा विद्वान वेदाचार्यों से सर्वप्रथम बुद्धि के दाता भगवान गणेश का पूजन और उसके बाद ऐतिहासिक झंडी का पूजन कराया गया।
पूजन के बाद बजरंगबली संग भगवान गणेश की शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। सबसे आगे बजरंगबली की अगुवाई में रथ चल रहा था, जिसे देखकर पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया और हर किसी को एहसास हो गया कि रामलीला के पावन पर्व का श्रीगणेश हो चुका है।
बुजुर्गों की मानें तो यह परंपरा काफ़ी समय से चली आ रही है। मान्यता है कि खेड़ापति में गणेश पूजन व झंडी पूजन के बाद भगवान राम के मंच पर जन्म के पश्चात ही राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता और हनुमान जी के स्वरूप धारण करने वाले बच्चों का हवन-पूजन व आरती कर उन्हें रथ पर विराजमान कराया जाता है।
राम दरबार की यह दिव्य रथ यात्रा प्रतिदिन बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण पर निकलती है। बाजार में जगह-जगह दुकानदार भगवान के बाल स्वरूपों की आरती उतारकर प्रसाद वितरण करते हैं। भ्रमण के उपरांत रथ दूसरे मार्ग से होता हुआ पुनः खेड़ापति मोहल्ला लौट आता है। यह भव्य क्रम भगवान श्रीराम के राजतिलक तक अनवरत जारी रहेगा। परंपरा के अनुसार पहले पांच दिन राम बारात तक बाल स्वरूप राजसी वस्त्रों में भक्तों को दर्शन देंगे, जबकि वनवास लीला के बाद से वे पीले वनवासी वेष में दर्शन देंगे।
आज उसी ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन करते हुए नगर में शोभायात्रा निकाली गई, जहां जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा व आरती कर झांकी का भव्य स्वागत किया और जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे लगाए।
इस अवसर पर कामधेनु गौशाला कमेटी के अध्यक्ष रतन कुमार जिंदल, रामलीला कमेटी के महामंत्री अरविंद शाक्य, कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धनसुख अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप सक्सेना, ललित कुमार वार्ष्णेय, अनमोल गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, अर्जित जैन, राजेन्द्र प्रसाद बाबा, देवेश गुलाटी, सुनील सचदेवा, दीपक वार्ष्णेय, धर्मवीर यादव, विवेक राष्ट्रवादी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com