सात्त्विक जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर
बदायूं। बदायूं ऑडिटोरियम में पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छवि सनातनी आर्य ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवनशैली, जल संरक्षण, नैतिक आचरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने अपने विचारों और भजनों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, मिशन शक्ति, सतत विकास तथा कर्मफल के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
छवि सनातनी आर्य ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग के साथ संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या भी जरूरी है। भोजन शरीर की आवश्यकता और भूख के अनुसार करना चाहिए। प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर तथा खानपान में अनुशासन रखकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनका अनावश्यक दोहन भविष्य के लिए संकट पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
नैतिक मूल्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने रिश्वतखोरी को समाज के लिए नुकसानदायक बताते हुए ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और सदाचार अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए।
महाभारत में भीष्म पितामह के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्मफल के सिद्धांत को समझाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कार्यों के प्रति सजग रहना चाहिए और ऐसे कर्म करने चाहिए, जिनसे दूसरों का भला हो। परोपकार, सेवा और मानवीय मूल्यों को जीवन में स्थान देकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन चरण में छवि सनातनी आर्य ने भजनों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, संस्कार, मिशन शक्ति और महिला जागृति का संदेश दिया। उनके विचारों में स्वस्थ जीवनशैली, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और नैतिक आचरण को विशेष महत्व दिया गया।
कार्यक्रम में गिरधारी सिंह राठौर ने छवि सनातनी आर्य का स्वागत किया। इस अवसर पर संजीव चौहान, आवेशपाल सिंह, मुकेश सारस्वत, सतीश सिंह, यश सारस्वत, नैना सारस्वत, पुष्पेंद्र कुमार, विवेक गुप्ता, योगेंद्र पाल सिंह, त्रिवेंद्र, शांति राठौर, अनीता, लवली चौहान, आरपी सिंह, प्रवेश चौहान, उदयवीर सिंह, सौरभ शर्मा, सुरेश चंद्र, दिनेश, वीरेंद्र, राम बहादुर, पुरुषोत्तम और नवल किशोर सहित पूरी योग टीम उपस्थित रही।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com