8:50 pm Saturday , 10 October 2026
BREAKING NEWS

पट्टे की जमीन का झांसा देकर 34 हजार रुपये लेने का आरोप, विधवा की भूमि का कराया बैनामा

बदायूं

पट्टे की जमीन का झांसा देकर 34 हजार रुपये लेने का आरोप, विधवा की भूमि का कराया बैनामा

केशव गुप्ता

उसावां में जमीन धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज, पीड़िता ने जमीन पर अधिकार दिलाने की मांग की
उसावां (बदायूं)। कस्बा निवासी एक विधवा की जमीन कथित रूप से धोखाधड़ी कर बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय छोटेलाल ने आरोप लगाया है कि पट्टे की जमीन निकलवाने का झांसा देकर उनसे दो बार में 34 हजार रुपये भी लिए गए। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच शुरू हो गई है।
थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मुन्नी देवी का दावा है कि ग्राम उसावां प्रथम, परगना उसहैत, तहसील दातागंज स्थित गाटा संख्या 1623 की 0.3540 हेक्टेयर भूमि पर उनका मालिकाना हक और कब्जा है। आरोप है कि रनसिंह नगला निवासी पप्पू यादव पुत्र रामचंद्र यादव ने उन्हें गुमराह कर उक्त भूमि का बैनामा उदयपाल पुत्र कन्हई निवासी रनसिंह नगला के नाम करा दिया।
पीड़िता के मुताबिक, पट्टे की जमीन निकलवाने के नाम पर उनसे दो बार में 17-17 हजार रुपये लिए गए। जमीन का बैनामा होने की जानकारी उन्हें अपने बटाईदार लालमन कश्यप से मिली। आरोप के अनुसार, बैनामा 17 सितंबर 2025 को कराया गया था।
मुन्नी देवी ने बताया कि उन्होंने इस मामले में नायब तहसीलदार दातागंज के न्यायालय में वाद संख्या 1312/2026 दायर किया था। उनके अनुसार, 2 फरवरी 2026 को न्यायालय से उनके पक्ष में आदेश हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने मामले में अपेक्षित कार्रवाई न होने की शिकायत की।
पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी दातागंज से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जमीन पर अधिकार दिलाने की मांग की है। पुलिस की विवेचना में आरोपों की सत्यता और मामले से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.