10:58 pm Saturday , 10 October 2026
BREAKING NEWS

परीक्षा के तनाव से बचें, आत्मविश्वास के साथ करें तैयारी

बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षाओं से पूर्व विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से परीक्षा तनाव प्रबंधन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा की तैयारी करने के टिप्स दिए। शिक्षक केशव शर्मा, सिदरा खान, चमन सक्सेना, निकिता गुप्ता और रूबी मौर्य ने कहा कि परीक्षा को लेकर अनावश्यक डर और तनाव नहीं लेना चाहिए। नियमित पढ़ाई, निरंतर अभ्यास और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने से अंतिम समय की घबराहट से बचा जा सकता है। कठिन विषयों को छोटे-छोटे भागों में बांटकर पढ़ने और लिखकर अभ्यास करने की आदत डालने की सलाह दी गई। शिक्षकों ने बताया कि अत्यधिक तनाव से एकाग्रता, स्मरण शक्ति और स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेने, संतुलित भोजन करने, शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने और मन शांत रखने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी प्रगति पर ध्यान दें और गलतियों से सीखकर आगे बढ़ें। निदेशक वीपी सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास विद्यालय की प्राथमिकता है। प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सिंह ने नियमित अध्ययन और अनुशासन को सफलता का आधार बताया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालने की अपील की। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.