बिल्सी। नगर के अगोल गांव रोड स्थित एक घर के बाहर से दिनदहाड़े एक गाय चोरी हो गई। चोरी की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शनिवार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मोहल्ला संख्या दो खैरी स्टैंड निवासी सचिन सागर ने बताया कि दिन के समय चोर उनकी गाय चोरी कर ले गया। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में गाय की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने बिल्सी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। सचिन के मुताबिक, चोरी हुई गाय की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसमें चोरी की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com