उझानी में हलवाई चौक पर लगा भीषण जाम, आधे घंटे तक फंसे रहे वाहन।


नगर के मुख्य हलवाई चौक चौराहे पर शनिवार शाम करीब 6 बजे भीषण जाम लग गया। आड़े-तिरछे खड़े ई-रिक्शा की वजह से चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हलवाई चौक मोड़ पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा सवारी के चक्कर में सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनी। देखते ही देखते जाम कछला रोड से लेकर घंटाघर चौराहा तक पहुंच गया। पुराना अनाज मंडी मोड़ और नखासा मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे राहगीरों और बाइक सवारों को रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
सूचना पर चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल जाम खुलवाया। तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन पर रोक लगाने और चौराहे पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com