बदायूं
अलापुर में 25 लाख रुपये की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बिहार से अफीम लाकर ढाबों पर आने-जाने वाले ट्रक चालकों को फुटकर में करते थे सप्लाई, पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
अलापुर (बदायूं)। थाना अलापुर पुलिस और एएनटीएफ बरेली की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दो मोबाइल फोन और 220 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कुंदन नगला निवासी धर्मवीर सिंह यादव पुत्र ओमप्रकाश और बिहार के गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र निवासी अमित विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय अनिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। दोनों को नौ अक्टूबर 2026 को अलापुर-म्याऊं मार्ग पर रूपाली कोल्ड स्टोर के सामने से गिरफ्तार किया गया।
बिहार से लाकर करते थे अफीम की सप्लाई
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि बिहार के गया जिले का रहने वाला नवलेश यादव उन्हें अफीम उपलब्ध कराता था। अमित विश्वकर्मा के अनुसार, वह अफीम लेकर धर्मवीर के पास पहुंचा था। वहीं, धर्मवीर ने पूछताछ में बताया कि वह पहले उसावां में ढाबा चलाता था। सड़क निर्माण के दौरान ढाबा टूटने के बाद वह बिहार से अफीम मंगाकर ढाबों पर आने-जाने वाले ट्रक चालकों को फुटकर में बेचने लगा था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय धर्मवीर अफीम की खेप की जांच कर रहा था, तभी संयुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस अब इस मामले में अफीम की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
मामले में थाना अलापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी सनी चौधरी के नेतृत्व में अलापुर पुलिस टीम तथा एएनटीएफ बरेली यूनिट के उपनिरीक्षक विकास यादव और उनकी टीम शामिल रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com