


डॉ. उदय प्रताप सिंह के साथ आत्मीय बैठकी
तेईसवें राष्ट्रीय पुस्तक मेले के क्रिएटर लाउंज में आठवें दिन आचमन संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के तत्वावधान में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं वरिष्ठ कवि डॉ. उदय प्रताप सिंह जी के साथ आत्मीय ‘बैठकी’ का आयोजन किया गया। लगभग एक घंटे चले इस अनौपचारिक और आत्मीय सत्र में साहित्यप्रेमियों को डॉ. उदय प्रताप सिंह के जीवन, साहित्य और व्यक्तित्व से जुड़े अनेक छुए-अनछुए पहलुओं को निकट से जानने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यह किसी औपचारिक साक्षात्कार की बजाय आत्मीय संवाद का रूप लिए हुए था। उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने अपने प्रिय साहित्यकार से सीधे प्रश्न किए और डॉ. उदय प्रताप सिंह ने सहजता से उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। इस संवाद ने कार्यक्रम को एक जीवंत और आत्मीय स्वरूप प्रदान किया।
आचमन संस्था की संस्थापक डॉ. सोनरूपा विशाल ने सर्वप्रथम डॉ. उदय प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और कार्यक्रम की संकल्पना एवं उद्देश्य को साझा किया। उन्होंने कहा कि किसी बड़े साहित्यिक व्यक्तित्व का सान्निध्य उस सहज और आत्मीय रूप में सभी को अक्सर उपलब्ध नहीं हो पाता, जैसा उनके प्रशंसक चाहते हैं। ऐसे आयोजन का उद्देश्य उस दूरी को कम करना है, ताकि साहित्यप्रेमी अपने प्रिय साहित्यकार के सामने अपने मन के उद्गार व्यक्त कर सकें, उनसे अपने प्रश्न पूछ सकें और उनके व्यक्तित्व एवं रचनात्मक संसार को और निकट से जान सकें।
आचमन संस्था साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने वाली संस्था है। इसी क्रम में इस आत्मीय संवाद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ के अनेक साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति रही। इनमें कथाकार महेन्द्र भीष्म, श्री के. कान्त अस्थाना, डॉ. डी. एन. लाल, श्रीमती मनोरमा लाल, श्री मुकुल महान, रूपा पांडे, रजत रूपा शर्मा, नेहा श्री श्रीवास्तव, रश्मि शरद, सुरभि सिंह, योगेंद्र योगी, मनस्वी श्वेता,पंकज प्रसून,आदित्य बंजारा,रविकान्त पांडे,गौरव दीक्षित सहित अनेक साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में प्रवीण अग्रहरि का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के प्रधान एवं आचमन संस्था के संरक्षक डॉ. सर्वेश अस्थाना ने उपस्थित अतिथियों एवं साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सादर
सोनरूपा विशाल
संस्थापक :
आचमन
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com