11:55 am Saturday , 10 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी मंडी गेट पर भीषण जाम, हाईवे पर एक किमी तक लगी वाहनों की लंबी कतार, दो घंटे फंसे रहे वाहन।

उझानी मंडी गेट पर भीषण जाम, हाईवे पर एक किमी तक लगी वाहनों की लंबी कतार, दो घंटे फंसे रहे वाहन।


बरेली-मथुरा हाईवे पर नगर मंडी समिति के सामने शनिवार सुबह भीषण जाम लग गया। जाम खुलवाने के लिए मंडी समिति के सुरक्षा कर्मी और पुलिस दो घंटे तक जूझती रही। जिसके बाद जाम खुल सका और वाहन आगे बढ़ सके।

शनिवार सुबह से ही मंडी में बदायूं जनपद सहित कासगंज जनपद के अलीगंज से बड़ी संख्या में किसान धान बेचने ट्रैक्टर-ट्रालियों से आए थे। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियों को आड़ी-तिरछी खड़ा कर दिया, जिससे हाईवे पर धीरे-धीरे भीषण जाम लग गया। जाम के कारण बरेली और कासगंज, मथुरा, अलीगढ़ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों में फंसे यात्री परेशान होते रहे।

जाम इतना भीषण था कि मंडी समिति परिसर से लेकर मंडी गेट के दोनों ओर एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर वाहनों की कई-कई लाइनें लग गईं। पैदल निकलना भी दूभर हो गया। पुलिस और मंडी समिति के सुरक्षाकर्मियों को यातायात सुचारू करने में दो घंटे से अधिक समय लगा।

जाम से निपटने के लिए मंडी सचिव ने किसानों से सभी वाहनों को व्यापारियों से बात कर मंडी समिति परिसर के अंदर ही खड़े करने का आग्रह किया है, जिससे मंडी गेट के सामने हाईवेन पर जाम न लगे।

उझानी मंडी गेट पर लगे धर्म कांटे भी जाम का बड़ा कारण बन रहे हैं। किसानों को अपना धान बेचने के लिए तीन बार मंडी और धर्म कांटे तक आना-जाना पड़ता है। पहले माल तय करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गल्ला आढ़त पर जाते हैं। माल तय होने के बाद धर्म कांटा कराने को ट्रॉली का वजन कराने जाते हैं। उसके बाद मंडी में धान खाली करने जाना पड़ता है और फिर खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली का वजन होता है। एक ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को मंडी से तीन बार अंदर-बाहर होना पड़ता है। यही जाम का सबसे बड़ा कारण है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.