राजमिस्त्री ने सिपाहियों पर थप्पड़ मारने का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद सीओ सिटी कर रहे जांच
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के ग्राम गंज मजरा कुंवरगांव देहात में मकान निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। एक व्यक्ति ने गांव के कुछ लोगों पर निर्माणाधीन मकान की दीवार गिराने, गली में दरवाजा लगाने से रोकने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी निर्माण कार्य रुकवाने के आरोप लगे हैं। मकान में काम कर रहे राजमिस्त्री ने सिपाहियों पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की है। मामले की जांच सीओ सिटी कर रहे हैं।
पीड़ित तालेवर पुत्र दुर्गपाल के मुताबिक, वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है और पैतृक मकान का निर्माण करा रहा है। आरोप है कि 30 सितंबर 2026 को निर्माण कार्य के दौरान गांव के चोखे लाल, रामप्रसाद पुत्र गणेश और मुकेश पुत्र हरनाम मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए काम बंद करने को कहा।
तालेवर का आरोप है कि आरोपियों ने गली की ओर दरवाजा लगाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद चोखे लाल व अन्य लोगों ने हथौड़े से मकान की नवनिर्मित दीवार गिरा दी। पीड़ित ने इस मामले में 30 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। दीवार गिराने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है।
पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप
पीड़ित के अनुसार, घटना की सूचना पर सिपाही वीरेश यादव और राजेश यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने भी मकान में दरवाजा लगाने की अनुमति नहीं दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चोखे लाल के पीआरडी होमगार्ड से जुड़े होने के कारण मामले में कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
राजमिस्त्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की शिकायत
मामले में एक अन्य शिकायत राजमिस्त्री गुड्डू की ओर से की गई है। गुड्डू का आरोप है कि 16 सितंबर को वह तालेवर के मकान में निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे सिपाहियों ने उसके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारे। राजमिस्त्री ने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई है।
शिकायत के बाद मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। गुरुवार को सीओ सिटी कार्यालय में राजमिस्त्री गुड्डू के बयान दर्ज किए गए। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com