गांव के लोगों पर चोरी का शक जताने पर महिला को धमकाने का आरोप, थाने में तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बरखिन में घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर चोरी का शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। आरोप है कि शिकायत करने पर संबंधित लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और जान से मारने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस न तो जांच करने गांव पहुंची और न ही रिपोर्ट दर्ज की।
गांव बरखिन निवासी धनदेवी पत्नी हरपाल के मुताबिक, उनका ट्रैक्टर घर के बाहर खड़ा था। उनके पति पास में बनी झोपड़ी में सोते थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ट्रैक्टर की बैटरी निकाल ले गए। चोरी का शक होने पर धनदेवी अपने पति के साथ गांव के कुछ लोगों से शिकायत करने पहुंचीं। आरोप है कि वहां शिकायत करने के बजाय उन्हें गाली-गलौज और मारपीट की धमकी का सामना करना पड़ा।
पीड़िता ने सात अक्टूबर को थाना कुंवरगांव पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। महिला का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिसकर्मी गांव में जांच-पड़ताल करने तक नहीं पहुंचे और न ही उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई।
अब पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com