स्कूल गेट से महज 10 मीटर दूर शराब का ठेका, भड़के छात्र-छात्राएं; सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन
केशव गुप्ता
बदायूं में राजकीय हाईस्कूल गुरगांव के विद्यार्थियों ने उठाई ठेका हटाने की मांग, स्कूल परिसर में खाली खोखे मिलने का आरोप; शिकायत के बाद भी समाधान नहीं, आबकारी अधिकारी ने दिया जल्द हटवाने का आश्वासन
बदायूं। थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम गुरगांव स्थित राजकीय हाईस्कूल के मुख्य द्वार से महज 10 मीटर की दूरी पर संचालित शराब के ठेके के विरोध में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के साथ रैली निकालकर प्रदर्शन किया और ठेके को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय परिसर में शराब के खाली खोखे पड़े मिलते हैं। वहीं, स्कूल के आसपास शराब पीने वालों के जमावड़े और शोर-शराबे से पढ़ाई का माहौल प्रभावित होने की आशंका है। इसे लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में भी नाराजगी है।
शिकायत के बाद भी नहीं निकला समाधान
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शची गुप्ता ने बताया कि इस समस्या को लेकर 16 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। उनका कहना है कि ठेके को सामने से कुछ दूरी पर हटाया गया, लेकिन शराब की बिक्री अब भी पुरानी जगह से किए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
पूर्व प्रधान ने दी धरने की चेतावनी
ग्राम के पूर्व प्रधान सूरज पाल शाक्य ने मांग की कि शराब के ठेके को विद्यालय के आसपास से पूरी तरह हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण और विद्यार्थी जिलाधिकारी आवास पर धरना देने को मजबूर होंगे।
आबकारी अधिकारी ने दिया आश्वासन
जिला आबकारी अधिकारी हरिशंकर शुक्ल ने बताया कि दूसरी जगह दुकान उपलब्ध नहीं होने के कारण ठेके को अब तक स्थानांतरित नहीं किया जा सका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ठेके को हटवाया जाएगा।
अब ग्रामीणों और विद्यार्थियों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। उनकी मांग है कि बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब के ठेके को जल्द दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com