बिसौली, बदायूं 9 अक्टूबर ।
तहसील परिसर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित मुकेश शर्मा एडवोकेट निवासी तहसील परिसर बिसौली ने तहरीर दी कि वह 08 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे अपने क्लाइंट के साथ एक प्रार्थना पत्र लेकर सब रजिस्ट्रार कार्यालय बिसौली में उपस्थित हुए थे।
आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे जुमरत पत्नी इंतजार, रिजवानो पत्नी मुन्तयाज, कल्लू उर्फ अबरार पुत्र नवीशेर, जमीर पुत्र नामालूम निवासीगण मौ0 पश्चिम बगरैन थाना वजीरगंज और सलमान पुत्र नामालूम निवासी दवतोरा थाना बिसौली ने उन पर एकराय होकर हमला कर दिया।
आरोपियों ने अधिवक्ता का गला दबाया और थप्पड़ व घूंसों से मारपीट की, जिससे उनका चश्मा टूट गया और चेहरे पर चोट के निशान आए हैं। शोर सुनकर साथी अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर जान बचाई। अधिवक्ता का कहना है कि अगर साथी नहीं बचाते तो आरोपी जान से मार देते।
कोतवाली बिसौली में तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com