बदायूं में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, राजस्थान के पांच आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
तीन दुकानों में चोरी का खुलासा, तीन तमंचे, पांच कारतूस और नकदी समेत सामान बरामद
बदायूं। शहर कोतवाली पुलिस ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के निवासी हैं। इनके कब्जे से तीन तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक डीवीआर, तीन राउटर और 14,167 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, छह-सात अगस्त की रात तहसील गेट स्थित प्रमोद जनरल स्टोर, प्रभात नारायण जनरल मर्चेंट और न्यू गांधी ड्राई फ्रूट्स की दुकान में चोरी हुई थी। आरोपियों पर दुकानों से नकदी और सामान चोरी करने का आरोप है।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के सहयोग से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग शहरों में घूमकर दुकानों की रेकी करने और रात में चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com