बदायूं में साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दी गई जानकारी
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से बदायूं पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम पुलिस की टीम ने महार्षि विद्या मंदिर स्कूल, बदायूं में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लोगों को फोन कॉल, संदेश और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक धोखाधड़ी करते हैं। वहीं, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर रुपये ऐंठने की घटनाओं से बचने के लिए भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पिन, ओटीपी और सीवीवी नंबर साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और फोन पर धमकी देकर पैसे मांगने वाले लोगों के झांसे में न आएं।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी के जरिए रुपये निकल जाते हैं, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस जागरूकता अभियान में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन, उपनिरीक्षक रजत यादव, आरक्षी शुभम पाल और महिला आरक्षी प्रियंका तोमर सहित साइबर क्राइम पुलिस टीम के सदस्य मौजूद रहे।
पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों सहित आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना और ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम करना है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com