4:38 pm Friday , 9 October 2026
BREAKING NEWS

सत्याग्रह के लिए पुलिस ने डॉ0अम्बेडकर पार्क नहीं जाने दिया तो आवास के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव

# वोट का अधिकार बचाने , लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगने को सत्याग्रह करने का किया था ऐलान
# कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव का चार दिनों से लगातार दिन रात जारी के है हाउस अरेस्ट, आवास पर 24 घंटे तैनात रहता है पुलिस बल
# वोट के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे – अजीत यादव
—————————————————————————–
बदायूँ। 09 अक्टूबर 2026। सत्याग्रह के लिए पुलिस ने डॉ0अम्बेडकर पार्क नहीं जाने दिया तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव नेकपुर आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने वोट का अधिकार बचाने , लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगने को शुक्रवार को डॉ 0 अम्बेडकर पार्क में दोपहर 12 बजे से सत्याग्रह करने का ऐलान किया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जैसे ही आवास से बाहर निकले पहले से ही तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के प्रतिवाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव नेकपुर स्थित आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार बचाने , लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने और वोट चोर ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगने को डॉ 0 अम्बेडकर पार्क में सत्याग्रह करने जा रहे थे ,पुलिस प्रशासन ने उन्हें आवास से बाहर नहीं जाने दिया। कहा योगी सरकार ने भारी पुलिस लगाकर 06 अक्टूबर की रात से उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया है। चार दिनों से उन्हें आवास से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार पुलिस के बल पर विपक्ष की आवाज को दबा रही है। देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है। कहा कि कांग्रेसजन वोट चोरी के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। यह संघर्ष किसी सत्ता या कुर्सी के लिए नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए है। कहा कि भाजपा चाहे जितना दमन कर ले, जनता की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस का संकल्प स्पष्ट है वोट की गरिमा से समझौता नहीं होगा और लोकतंत्र पर हर हमले का पुरजोर विरोध होगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के इशारे पर ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी कर , वोटर लिस्ट में हेरफेर कर , नए वोट बनने से रोकने को फार्म 6 में गैरकानूनी संशोधन कर और एसआईआर के नाम पर 14 करोड़ वोट काट कर भाजपा को चुनाव जितवाया है। मोदी सरकार वोट चोरी की सरकार है । बिहार , हरियाणा , महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भाजपा ने चुनाव आयोग के जरिए वोट चोरी कर सरकारें बनाई हैं। कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए वोट के अधिकार की रक्षा में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के धरने पर बैठने की खबर मिलते ही कांग्रेस नेता उनके आवास पर पहुंचने लगे। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह एडवोकेट, जिला सचिव राजीव पटेल, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव, सुरेंद्र सिंह, आशीष , सर्वेंद्र समेत दर्जनों कांग्रेसी उनके साथ धरने में शामिल हुए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.