बिल्सी। नगर के बाईपास मार्ग से क्षेत्र के गांव दीननगर शेखपुर तक बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। निर्माण के तुरंत बाद सड़क की परत उखड़ने लगी है। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को सड़क पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से सड़क निर्माण की जांच कराने और मानकों के अनुरूप सड़क बनवाने की मांग की। गांव के प्रधान सुरेश पाल सिंह ने बताया कि गांव से बिल्सी तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब है और निर्माण के बाद ही सड़क उखड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि पूरे निर्माण कार्य की मौके पर जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।
ग्रामीण प्यारे लाल ने आरोप लगाया कि सड़क की परत हाथ से ही उखड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के कुछ समय बाद ही यदि इसकी परत उखड़ने लगेगी तो ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और दोष मिलने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का निर्माण सरकारी धन से कराया जा रहा है, इसलिए इसकी गुणवत्ता की जांच जरूरी है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर सड़क की जांच करें और निर्माण में किसी तरह की कमी मिलने पर उसे दुरुस्त कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर वह अधिकारियों के समक्ष अधिकारी शिकायत करेंगे।
इधर, पीडब्ल्यूडी के एई रोहन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सड़क निर्माण का कार्य नहीं कराया जा रहा था। बुधवार को काम किया गया था। सड़क पर मिट्टी होने के कारण फिलहाल सिंगल परत डाली गई है। इसके ऊपर एक और परत बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार को बेहतर गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com