अलापुर में 2.50 लाख में बेचे नकली सोने के गहने, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार।
अलापुर, बदायूं 8 अक्टूबर ।
नगर के वार्ड नंबर सात, मोहल्ला खेड़ा निवासी अशरफ जहां पत्नी हबीब की शिकायत पर पुलिस ने नकली आभूषण बेचने के मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिकायत के अनुसार 5 अक्टूबर को अशरफ जहां कपड़े खरीदने के दौरान सखानू निवासी उवैस पुत्र नाजिम की अलापुर स्थित दुकान पर गई थीं। उवैस ने मां के बीमार होने की बात कहकर सोने के आभूषण बेचने की बात कही। उसकी बात पर भरोसा कर महिला ने एक हार और तीन सोने की अंगूठियां 2.50 लाख रुपये में खरीद लीं। आभूषणों पर 18K और 750HM अंकित था और दुकानदार ने रसीद भी दी।
बाद में सुनार से जांच कराई तो आभूषण नकली निकले, उनमें सोना नहीं था। महिला ने आभूषण और रसीद वापस कर रुपये मांगे तो आरोप है कि दुकानदार उवैस, उसके पिता और दो भाइयों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और मौके से चले गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उवैस को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दो भाई और पिता फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जांच कर रही है कि नकली आभूषण बेचने का यह कारोबार कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन लोग जुड़े हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com