बदायूं
बदायूं में NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, CMO ऑफिस में दिया धरना, जिला अस्पताल की OPD सहित सेवाएं ठप।
बदायूं 8 अक्टूबर ।
जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा डॉक्टरों और कर्मचारियों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। अपनी मांगों को लेकर सभी कर्मचारी सीएमओ कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए हैं।
एनएचएम के डॉक्टर और कर्मचारी जिला अस्पताल सहित जिले की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात हैं। इनके हड़ताल पर जाने से गुरुवार को जिला अस्पताल की ओपीडी समेत अस्पताल की नियमित सेवाएं प्रभावित रहीं। इलाज और जांच के लिए आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें सेवाओं के लिए इंतजार करना पड़ा।
एनएचएम के जिला अध्यक्ष केवी चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में विभिन्न इकाइयों और कार्यक्रमों में तैनात सभी कार्मिक हड़ताल में शामिल हैं। इसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (DPU) और ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों (BPU) के कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं। वहीं, एनयूएचएम के जिला अध्यक्ष नीरज यादव ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल पर गए कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान आकस्मिक सेवाएं बहाल रखी जाएंगी, ताकि गंभीर मरीजों को उपचार मिल सके।
एनएचएम कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित गतिविधियों, फील्ड सर्वे, जांच, रिपोर्टिंग और अन्य विभागीय कार्यों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com