बदायूं
गंगा एक्सप्रेसवे पर चालक-हेल्पर से डकैती करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। मूसाझाग थाना पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे पर चालक और हेल्पर से मारपीट कर कैंटर व मोबाइल लूटने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब तीन बजे ग्राम मैरी बजर मैरी के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर बोलेरो सवार तीन-चार बदमाशों ने बिहार से आ रहे कैंटर संख्या UP37BT3121 को रुकवा लिया था। बदमाशों ने चालक और हेल्पर के साथ मारपीट कर उनका मोबाइल और कैंटर छीन लिया तथा दोनों को जंगल में छोड़कर फरार हो गए थे।
घटना के संबंध में कैंटर चालक जराफत पुत्र शफीक निवासी ग्राम आरिफपुर, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़ की तहरीर पर थाना मूसाझाग में मुकदमा संख्या 137/26 धारा 310(2)/317(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में वांछित चल रहे मुकुल कुमार पुत्र स्वर्गीय श्रीरामलखन उर्फ बेचे लाल निवासी ग्राम अहेरीपुर, थाना बकेवर, जिला इटावा को पुलिस ने ममता जलपान गृह के सामने से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, इस घटना से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बकेवर, इटावा में गैंगस्टर एक्ट समेत दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई निरीक्षक अपराध उरेन्द्र पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम रविन्द्र सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस अरिहन्त कुमार सिद्धार्थ की टीमों द्वारा की गई।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com