



उझानी: श्री हनुमान गढ़ी मंदिर में 11 दिवसीय हरे राम हरे कृष्ण महामंत्र जाप महोत्सव का हुआ समापन, हवन-भंडारे में उमड़े हजारों श्रद्धालु।
राधाकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित।
उझानी, बदायूं 8 अक्टूबर।
नगर के प्रसिद्ध श्री हनुमान गढ़ी मंदिर में पिछले 11 दिनों से चल रहे हरे राम हरे कृष्ण महामंत्र जाप महोत्सव का बृहस्पतिवार को विधि-विधान से हवन में पूर्णाहुति, विशाल भंडारे और सेवाधारियों के सम्मान समारोह के साथ भव्य समापन हो गया। 11 दिन तक दिन-रात चले इस अखंड महामंत्र जाप में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर समिति के अनुसार आज सुबह 11 बजे मंदिर परिसर में हवन शुरू हुआ। पंडित प्रवीण शर्मा व पप्पू शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं से हवन में पूर्णाहुति अर्पित कराई। इस दौरान सभी के सुख-समृद्धि, नगर की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की गई। हवन के बाद भगवान राधाकृष्ण को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
दोपहर बाद भंडारे का आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार सबसे पहले कन्या भोज कराया गया, उसके बाद ब्राह्मण भोज हुआ और फिर हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम महाआरती का आयोजन हुआ। महाआरती के बाद 11 दिवसीय अखंड जाप में दिन-रात सेवा देने वाले सभी सेवाधारियों को माला पहनाकर और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्य रूप से अवधेश गोयल, गिरीश चंद्र वार्ष्णेय, केके शर्मा, एनके शर्मा, जयपाल थरेजा, बीरेंद्र वार्ष्णेय, विजय गोपाल वार्ष्णेय, संजय वार्ष्णेय, संजीव आजाद, गोपाल शर्मा, राममोहन शर्मा,मनोज वार्ष्णेय एमके सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में दिनभर “हरे राम हरे कृष्ण” और “जय श्री राधे” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com