बदांयू: विधवा के घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चोरी, 6 पर केस।
बदायूं 8 अक्टूबर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा गांव में विधवा महिला के मायके जाने पर ससुराल वालों द्वारा घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता आरिफपुर नवादा निवासी एक विधवा महिला ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके पति का करीब एक साल पूर्व स्वर्गवास हो गया है। उसके चार नाबालिग बच्चे (तीन बेटे व एक बेटी) हैं। पति की मृत्यु के बाद से ही ससुराल वाले उसे चैन से नहीं रहने देते और तरह-तरह से तंग करते हैं।
बताया गया कि 12 अप्रैल 2026 को उसके भाई कल्लू पुत्र वेदराम निवासी कोहली, थाना दातागंज की मृत्यु हो गई। सूचना पर वह अपने बच्चों सहित मायके चली गई। भाई का क्रियाकर्म होने के बाद जब वह 16 अप्रैल को दोपहर वापस अपने ससुराल आरिफपुर नवादा आई तो देखा कि उसके कमरे का ताला खुला था और अंदर रखे संदूक का ताला भी टूटा पड़ा था।
संदूक खोलने पर उसमें रखा मांग का टीका, 3 मंगलसूत्र, सोने के कुंडल दो जोड़े, सोने के झाले, 2 बेसर, चांदी के खडुवा, चांदी के हथफूल, 2 लर सोने की, 2 जोड़ी गुच्छा जेबरी चांदी की वजन 250-250 ग्राम, बेटी के हाथों के खडुआ, एक जोड़ी पायल और 15000 रुपये नकद गायब थे।
आरोप है कि पूछताछ पर घर में ही रह रहे राजेश पुत्र गेंदन लाल, विजेन्द्र पुत्र गेंदन लाल, गेंदन लाल, चन्द्रकली पत्नी राजेश, सुखप्यारी पत्नी विजेन्द्र, पूनम पत्नी सुभाष (सभी निवासी आरिफपुर नवादा, जो पीड़िता के देवर, देवरानी व ससुर हैं) ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि तेरा सारा जेवर-रुपया हमने निकाल लिया है, यहां से चली जा वरना तुझे व तेरे चारों बच्चों को जान से मार देंगे। जेवर-रुपया वापस मांगने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने घटना की तहरीर नवादा पुलिस चौकी में दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। 17 अप्रैल 2026 को थाना सिविल लाइन में भी प्रार्थना पत्र दिया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। वरिष्ठ अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। निराश होकर उसने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com