बदायूं
खेत की रखवाली कर रहे युवक से गाली-गलौज के बाद मारपीट, पांच लोगों पर मुकदमा
केशव गुप्ता
उसावां। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम अधरईमई में खेत की रखवाली कर रहे युवक के साथ गाली-गलौज के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार महावीर पुत्र मुलायम सिंह निवासी ग्राम अधरईमई 29 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे अपने खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान गांव के रामसरन पुत्र बुधपाल, सचिन पुत्र रामसरन, अनिल पुत्र संतोष सिंह, रविन्द्र पुत्र संतोष तथा पंचू पुत्र संतोष वहां पहुंचे और महावीर को गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि महावीर ने गाली देने से मना किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान महावीर के पुत्र मंगलपाल सिंह ने बीच-बचाव करते हुए गाली-गलौज का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद सभी लोगों ने एकजुट होकर मंगलपाल को डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार चौधरी को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com