बदायूं
उसहैत में डिग्री कॉलेज का सपना हुआ साकार, शिलान्यास समारोह में उमड़ा जनसैलाब
केशव गुप्ता
बदायूं/उसहैत। कस्बा उसहैत में डिग्री कॉलेज के निर्माण का लंबे समय से देखा जा रहा सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ गया है। बुधवार को डिग्री कॉलेज के निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और नगरवासियों ने पहुंचकर इस पहल का स्वागत किया। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष नवाब हसन ने की। बताया गया कि कॉलेज की नींव 7 अक्टूबर 2024 को उनके पिता अहमद हसन के हाथों रखी गई थी। नवाब हसन ने कहा कि डिग्री कॉलेज बनने से क्षेत्र के स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
समारोह के दौरान उसहैत इंटर कॉलेज के प्रबंधक कविश हसन की बेटी स्वालेहा हसन को सम्मानित किया गया। स्वालेहा का चयन NEET 2026 के माध्यम से राजकीय मेडिकल कॉलेज अमेठी में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। वहीं, पवन मिश्रा के पुत्र हर्षवर्धन को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले में पांचवां स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल द्वारा सम्मानित सागर मैजिक ग्रुप ने जादू के आकर्षक शो प्रस्तुत किए। जादूगर जेके सागर और वीके सागर ने अपनी कला से हजारों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों का मनोरंजन किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष नवाब हसन ने कहा कि कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने डिग्री कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। खासकर छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि कॉलेज बनने से उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि यह कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के शिक्षा और बेहतर भविष्य के सपनों को नई उड़ान देगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com