उझानी में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप: बुलेट और दो लाख की मांग, मायके आकर पति समेत ससुराल वालों ने की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज।
उझानी / बदायूं 7 अक्टूबर ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार समरीन पत्नी अहसार अली उर्फ अंसार निवासी मोहल्ला अहीरटोला (बरीवाला बाईपास) उझानी ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उसकी शादी लगभग 18 माह पहले अहसार अली उर्फ अंसार पुत्र अनवार अली निवासी कस्बा अलीगंज थाना अलीगंज जिला एटा के साथ रीति-रिवाज से हुई थी। घर वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार सब कुछ दिया था।
आरोप है कि कुछ समय बाद ही ससुराल वाले गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। कई बार जान से मारने की कोशिश भी की। समझौते के बाद भी ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल और 2 लाख रुपये की मांग करने लगे।
पीड़िता के अनुसार 13 सितंबर को पति व ससुर अनवार पुत्र नामालूम, सास जरीना पत्नी अनवार, रिहाना व शहनाज पुत्रगण अनवार सभी लोग बुलाने के बहाने उसके मायके आए और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ-साथ उसके भाई सलमान पुत्र सदाकत अली और मां परवीन पत्नी सदाकत अली के साथ मारपीट कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले पहले भी कई बार उसे कमरे में बंद करके मारपीट कर चुके हैं और धक्का देकर घर से निकाल चुके हैं। जाते-जाते आरोपी जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर गए।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक भारती सिंह को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com