बरेली-आगरा हाईवे पर मौत को दावत देती पुलिया: कछला में PNB के सामने बैठ रही सड़क।
सावन में हुई मरम्मत एक माह में उखड़ी, सेना के वाहन भी इसी रास्ते से गुजरते हैं।
कछला / बदायूं 7 अक्टूबर ।
बरेली-आगरा हाईवे पर नगर पंचायत कछला के मुख्य चौराहे पर सड़क धंसने से बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है। प्रशासन की अनदेखी से लोगों की जान जोखिम में है।
मुख्य चौराहे से गंगा घाट को जाने वाले मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के ठीक सामने एक पुलिया बनी हुई है। यह पुलिया बीच से जगह-जगह नीचे की ओर बैठ रही है। सड़क पर पड़ी दरारें और धंसाव साफ नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन मेले से पहले इस पुलिया की मरम्मत की गई थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा की गई मरम्मत एक महीने भी नहीं टिकी और सड़क फिर से बैठने लगी है। स्थिति यह है कि रात के अंधेरे में यहां रोजाना दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
पुलिया की एक साइड में सुरक्षा दीवार तक नहीं बनी है। वहीं पुलिया के नीचे से पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया है, जिससे बरसात में पानी भरने से सड़क और ज्यादा बैठ रही है। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रोड से होकर जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान बॉर्डर तक जाने के लिए सेना के वाहन भी गुजरते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
स्थानीय निवासी प्रेम प्रताप सिंह और अमन सिंह ने बताया कि पुलिया की सड़क लगातार बैठ रही है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर काम कराना चाहिए, नहीं तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो जाएगी।
गोपी तोमर
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com