1:06 pm Wednesday , 7 October 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में खेत की मेड़ पर खूनी जंग, फर्जी फायरिंग का निकला ड्रामा

सहसवान में खेत की मेड़ पर खूनी जंग, फर्जी फायरिंग का निकला ड्रामा: गोली लगने का किया दावा, मेडिकल में खुली पोल, पुलिस को मौके पर न मिला खोखा-न बारूद।

बदायूं 7 अक्टूबर।

थाना सहसवान-जरीफनगर सीमा पर मंगलवार को जमीन के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर तीन लोगों को गोली लगने का सनसनीखेज आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया। लेकिन पुलिस और मेडिकल जांच में पूरा मामला ही फर्जी निकला।

पुलिस के मुताबिक, मदारपुर निवासी पुष्पेंद्र यादव मंगलवार को परिजनों के साथ अपने खेत पर था। इसी दौरान पहले से खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था, जिस पर चंदनपुर निवासी बालेंद्र यादव, यशपाल यादव और रसूलपुर डांस निवासी रामभूप व लायक वहां पहुंच गए। गालीगलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

मारपीट के बाद पुष्पेंद्र पक्ष ने तमंचे से फायरिंग का आरोप लगाया और सूचना दी कि पुष्पेंद्र, उसके भाई हरवेंद्र और पिता रामरहीश को गोली लगी है।

सूचना पर सहसवान पुलिस तीनों को लेकर अस्पताल पहुंची, लेकिन वहां मेडिकल जांच के दौरान तीनों के गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। किसी के शरीर पर गोली का कोई निशान नहीं मिला।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, लेकिन वहां फायरिंग से संबंधित कोई सबूत नहीं मिला। न जमीन पर खोखा मिला, न बारूद के निशान। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फायरिंग की घटना सामने नहीं आई है।

पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बालेंद्र यादव की ओर से पहले ही पुष्पेंद्र, हरवेंद्र और रामरहीश समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका था।

पुलिस का कहना है कि पुराने विवाद में कार्रवाई से बचने और मुकदमे में लाभ लेने के लिए फायरिंग के आरोप लगाए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट की परिस्थितियों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.