10:43 am Wednesday , 7 October 2026
BREAKING NEWS

राज्यसभा टिकट न मिलने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट से बढ़ी सियासी हलचल

राज्यसभा टिकट न मिलने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट से बढ़ी सियासी हलचल

‘टाटा, बाय-बाय’ लिखकर सोशल मीडिया पर जताया इशारा, भाजपा छोड़ने की अटकलें तेज

बदायूं/आंवला। राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद आंवला से दो बार सांसद रहे पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की सोशल मीडिया पोस्ट ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। राज्यसभा की उम्मीदवारी में नाम नहीं आने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर महज दो शब्द लिखे—“टाटा, बाय-बाय”।

हालांकि पोस्ट में भाजपा का नाम नहीं लिया गया है और न ही पार्टी छोड़ने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा की गई है, लेकिन पोस्ट के समय और शब्दों को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

समर्थकों और कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद धर्मेंद्र कश्यप की यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गई। समर्थकों और स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि आखिर इस पोस्ट के जरिए पूर्व सांसद क्या संदेश देना चाहते हैं।

पहले भी बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं धर्मेंद्र कश्यप

धर्मेंद्र कश्यप इससे पहले भी अपने राजनीतिक बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। चुनाव के दौरान उनके कुछ बयानों पर राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। ऐसे में उनकी ताजा सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी राजनीतिक हलकों में नजरें टिक गई हैं।

अब अगले कदम पर टिकी नजर

फिलहाल धर्मेंद्र कश्यप की ओर से भाजपा छोड़ने या किसी अन्य राजनीतिक दल में जाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में उनकी “टाटा, बाय-बाय” पोस्ट का वास्तविक राजनीतिक संदेश क्या है और उनका अगला कदम क्या होगा, यह आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.