लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनियों से आयकर विभाग 400 करोड़ रुपये से अधिक टैक्स वसूलने की तैयारी में है। विभाग की इंवेस्टीगेशन विंग ने छापेमारी में मिले दस्तावेजों और कथित टैक्स चोरी के सबूतों का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की है।
बताया गया कि रिपोर्ट को अंतिम निर्धारण के लिए नई दिल्ली स्थित आयकर मुख्यालय भेजा जाएगा। आरोप है कि संबंधित कंपनियों ने बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया, जिससे राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ और आयकर विभाग को भी टैक्स नहीं मिला।
फरवरी में आयकर विभाग ने लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज और कौशांबी समेत कई स्थानों पर 30 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 10 करोड़ रुपये नकद और अवैध खनन व संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई थी।
उमाशंकर सिंह का 6 अगस्त को निधन हो गया था। आयकर विभाग ने सोनभद्र में अवैध खनन से राजस्व नुकसान संबंधी कैग रिपोर्ट के बाद जांच शुरू की थी। विभाग ने मिर्जापुर और सोनभद्र में ड्रोन व सैटेलाइट इमेजिंग के जरिए भी कथित अवैध खनन के साक्ष्य जुटाए थे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com