वृंदावन। महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में सोमवार रात पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे एक छात्र टैंक में सफाई के लिए उतरा, लेकिन जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक चार अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए और बेहोश हो गए। सूचना पर पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने मनु कटारे (20), देवांश (17), विशु (18) और आर्यन (18) को मृत घोषित कर दिया, जबकि रुद्राक्ष (18) का इलाज जारी है। मृतकों में मनु और देवांश मध्य प्रदेश, आर्यन कौशांबी और विशु मेरठ के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम चंद्र प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों से घटना की जानकारी ली।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com