8:38 am Wednesday , 7 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बुजुर्ग महिलाओं को लूटने वाला अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे

उझानी में बुजुर्ग महिलाओं को लूटने वाला अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे।

2 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन के खंडहर में चल रहा था काला धंधा।

उझानी बदांयू 6 अक्टूबर।

राहगीरों खासकर बुजुर्ग महिलाओं को नकली नोट का लालच देकर उनके कानों के कुंडल और गले की चेन उड़ाने वाले कुख्यात टप्पेबाज गिरोह का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे एसपी सिटी ने प्रेसवार्ता कर इस बड़े खुलासे की जानकारी दी।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास एक खंडहर में छापा मारकर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह खासकर वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी कपड़े से सिले हुए कागज की गड्डियां रखते थे, जिनके ऊपर 500 रुपये का असली नोट लगा होता था। इन्हें नकदी बताकर महिलाओं को लालच दिया जाता था और बदले में उनके कानों के कुंडल और गले की चेन उतरवा लेते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों पर घूम-घूमकर राहगीरों को बातों में फंसाकर वारदात करते थे। जेवर लेकर मौके से फरार हो जाते थे और बाद में राह चलते लोगों को बेचकर रुपया हासिल कर ऐश-आराम में खर्च करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तंमचा-कारतूस, चाकू, कटर और लोहे की चिमटी बरामद की है। साथ ही नकली नोटों की गड्डियां, पीली धातु की मालाएं, मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, अंगूठी, सिक्के और कुल 13,020 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरोह की उझानी कस्बे में टप्पेबाजी की दो घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब इन मामलों के पीड़ितों की पहचान कर रही है। दूसरे जिलों में हुई ऐसी वारदातों का भी पता लगाया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के इंद्रानगर नई आबादी निवासी कैशू, आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी रवि गहलोत, कृष्णा गहलोत और सपना गहलोत तथा लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र की अवध विहार कॉलोनी निवासी रामलि शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कैशू पर 6, रवि गहलोत पर 3, कृष्णा गहलोत पर 2, सपना गहलोत पर 2 और रामलि पर 2 मुकदमे दर्ज हैं। पांचों पर कुल 15 मुकदमे हैं, जिनमें टप्पेबाजी और हथियार रखने के मामले शामिल हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.