बिल्सी। नगर के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में मंगलवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। विज्ञान शिक्षक निशा शर्मा और पंकज माहेश्वरी के निर्देशन में कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रबंध समिति सदस्य राजीव वार्ष्णेय ने किया। उन्होंने मॉडलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। कहा कि विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा नवाचार और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित होता है। प्रदर्शनी में सौ से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने सड़क सुरक्षा, सौर मंडल, पर्यावरण सुरक्षा, स्मार्ट सिटी, सौर ऊर्जा, रेन हार्वेस्टिंग, जल संरक्षण, खाद्य श्रृंखला, ज्वालामुखी, वाटर कूलर, चंद्रयान-3 और एटीएम समेत विभिन्न विषयों पर मॉडल बनाए। इस मौके पर अतुल वार्ष्णेय, सीमा वर्मा, लक्ष्मी शर्मा, आंशिका माहेश्वरी, एकता सिंह और शिवम शर्मा मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com