बदायूं
गोरा बाईपास रोड पर मरम्मत के बाद फिर धंसी मिट्टी, गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा
केशव गुप्ता
उसावां। गूरा बाईपास रोड पर बारिश के कारण बने गहरे गड्ढों की पीडब्ल्यूडी द्वारा कराई गई मरम्मत पहली बारिश और वाहनों के आवागमन के बाद ही बेअसर होती नजर आ रही है। गड्ढों में डाली गई मिट्टी नीचे धंस जाने से सड़क पर दोबारा गहरे गड्ढे दिखाई देने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते बाईपास रोड पर दो-तीन स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने गड्ढों में मिट्टी डालकर उन्हें भरवाया था। हालांकि वाहनों का आवागमन शुरू होते ही मिट्टी धंस गई और सड़क की हालत फिर पहले जैसी हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर की गई मरम्मत महज खानापूर्ति साबित हुई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और रात के समय हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मांग की है कि गूरा बाईपास रोड के गड्ढों की स्थायी और मानक के अनुरूप मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com