बदायूं
गन्ने के खेत में मिला किसान का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
केशव गुप्ता
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के भीमपुर दोस्तपुर गांव में खेत की जुताई कराने गए किसान का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव मिहनपुर निवासी छत्रपाल (40) पुत्र जुगेंद्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार छत्रपाल बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र में अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कराने के लिए आया था। इसी दौरान उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि छत्रपाल की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
ट्रैक्टर चालक से पुलिस कर रही पूछताछ
बताया जा रहा है कि खेत की जुताई कराने वाले ट्रैक्टर चालक ने पुलिस के सामने सरेंडर किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com