11:53 am Tuesday , 6 October 2026
BREAKING NEWS

विशेष सचिव ने स्कूल, आंगनबाड़ी और सीएचसी की व्यवस्थाएं परखीं

बिल्सी। नगर विकास विभाग के विशेष सचिव उदयभान त्रिपाठी ने अम्बियापुर विकास खंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रायपुर बुजुर्ग गांव में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा उपकरणों का जायजा लिया।
विशेष सचिव सबसे पहले रायपुर बुजुर्ग गांव पहुंचे। यहां उन्होंने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर केंद्र की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और बच्चों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी की।
इसके बाद उन्होंने पंचायत भवन का औचक निरीक्षण किया। पंचायत भवन में उपलब्ध सुविधाओं और अभिलेखों की स्थिति देखी। संबंधित कर्मचारियों से पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से दिलाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
रायपुर बुजुर्ग के निरीक्षण के बाद विशेष सचिव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचे। यहां उन्होंने वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की स्थिति भी परखी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, खंड विकास अधिकारी शैली गोविल, डा. पीपी गंगवार, तापस भारद्वाज, आराधना सागर, शशिबाला, सुनील कुमार शर्मा समेत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का स्टाफ मौजूद रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.