11:13 am Tuesday , 6 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: नई सराय में नाला और आम रास्ता दबाकर निर्माण का आरोप, कॉलोनी का रास्ता बंद

नाले के किनारे 8 फीट चौड़े रास्ते पर निर्माण से आवागमन प्रभावित होने का दावा, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की
बदायूं। नई सराय क्षेत्र में बीएसएनएल कार्यालय के पीछे नाले और आम रास्ते पर कथित अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। निवासियों का आरोप है कि नाले की दीवार से सटाकर निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वर्षों पुराने आम रास्ते के बंद होने के साथ नाले का अस्तित्व भी प्रभावित हो रहा है।
8 फीट चौड़ा रास्ता बंद होने का आरोप
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नाले के बराबर से होकर करीब 8 फीट चौड़ा आम रास्ता वर्षों से आवागमन के लिए इस्तेमाल होता रहा है। इस रास्ते से अब्बासी और आसपास की आवासीय कॉलोनी के लोगों का आना-जाना होता था। आरोप है कि नाले से सटाकर पक्का निर्माण किए जाने के कारण रास्ता बंद हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नाले पर भी निर्माण को लेकर चिंता
लोगों का कहना है कि बीएसएनएल कार्यालय के पीछे स्थित नाला करीब 8 से 10 फीट चौड़ा है और आसपास के क्षेत्र की जल निकासी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि निर्माण के दौरान नाले की जगह भी दबा दी गई या उसका प्रवाह बाधित हुआ तो बारिश के समय जलभराव की समस्या गंभीर हो सकती है।
जांच और पैमाइश की मांग
मामले को लेकर स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नाले और रास्ते की सरकारी पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि सरकारी जमीन अथवा सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंद किए गए आम रास्ते को खुलवाने तथा नाले में किसी भी प्रकार की रुकावट या अवैध निर्माण को रोकने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.