बदायूं
एक घंटे में 3 वर्षीय मासूम को पुलिस ने सकुशल खोज निकाला, परिजनों ने जताया आभार
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना अलापुर क्षेत्र में बाजार में परिजनों से बिछड़े करीब तीन वर्षीय मासूम को अलापुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा ककराला के वार्ड नंबर 12 निवासी एक व्यक्ति का करीब तीन वर्षीय बच्चा कस्बा अलापुर बाजार में परिजनों के साथ था। इसी दौरान बच्चा अचानक कहीं भटक गया। बच्चे के लापता होने की सूचना मिशन शक्ति टीम और चीता मोबाइल कस्बा को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना अलापुर पुलिस सक्रिय हो गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयास और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने मात्र एक घंटे के भीतर बच्चे को अलापुर बाजार में सड़क पर घूमते हुए सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और थाना अलापुर पुलिस की तत्परता एवं मानवीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सनी चौधरी, कांस्टेबल कुलदीप नागर, कांस्टेबल अंकुर मलिक, महिला कांस्टेबल साक्षी तथा महिला कांस्टेबल ज्योतिपाल शामिल रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com