8:29 pm Monday , 5 October 2026
BREAKING NEWS

भाजपा के डबल इंजन में बदायूं का विकास चौथाई भी नहीं हुआ : आदित्य यादव

भाजपा के डबल इंजन में बदायूं का विकास चौथाई भी नहीं हुआ : आदित्य यादव

सांसद आदित्य यादव बोले- सपा सरकार ने मेडिकल कॉलेज, ओवरब्रिज, फोरलेन और डिग्री कॉलेज दिए, भाजपा के दस साल का हिसाब जनता मांगे

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने दिया ‘हम’ का नारा- ‘ह’ से हिंदू और ‘म’ से मुस्लिम, दोनों एकजुट हुए तो बदलेगी सत्ता

आबिद रजा बोले- भाजपा की नफरत और ‘फूट डालो-राज करो’ की राजनीति से हिंदू-मुस्लिम दोनों परेशान, पीडीए को मजबूत करने का आह्वान

आदित्य यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, किसान संकट, पेपर लीक, वोट चोरी और प्रशासन के कथित दुरुपयोग पर भाजपा को घेरा

आबिद रजा का लक्ष्य- आदित्य यादव के नेतृत्व में 2027 में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जिताना

बदायूं। शहर के लालपुल स्थित आरफीन मैरिज लॉन में सोमवार को बदायूं और शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र का संयुक्त पीडीए महासम्मेलन आयोजित किया गया। पूर्व मंत्री आबिद रजा के नेतृत्व में आयोजित महासम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व मंत्री आबिद रजा ने की। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने बिना नाम लिए भाजपा विधायकों और केंद्रीय राज्यमंत्री पर तीखे राजनीतिक हमले किए। वहीं पूर्व मंत्री आबिद रजा ने ‘हम’ के नारे के जरिए हिंदू-मुस्लिम एकजुटता और पीडीए की मजबूती का संदेश दिया।
सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि बदायूं से दिल्ली और बदायूं से लखनऊ तक ट्रेन चलवाने के मुद्दे को लोकसभा में उठाने में पूर्व मंत्री आबिद रजा का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने बार-बार इस मुद्दे को उनके सामने उठाया, जिसके बाद उन्होंने इसे लोकसभा में प्रमुखता से उठाया। आदित्य यादव ने कहा कि सपा सत्ता में नहीं है, इसलिए वह ट्रेन का उद्घाटन नहीं कर सकती थी। सत्ता में बैठे लोगों ने उद्घाटन कराकर वाहवाही जरूर लूट ली।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार के पांच साल के शासनकाल में जितना विकास हुआ, डबल इंजन की सरकार बदायूं में उसका चौथाई विकास भी नहीं करा सकी। बदायूं में भाजपा के विधायक हैं और केंद्र में मंत्री भी हैं, इसके बावजूद जिले की सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने बदायूं को मेडिकल कॉलेज, ओवरब्रिज, बरेली फोरलेन, डिग्री कॉलेज और सड़कों समेत अनेक विकास कार्य दिए।
आदित्य यादव ने भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि दस साल के कार्यकाल में बदायूं को क्या मिला। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस मेडिकल कॉलेज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र होना चाहिए था, उसकी हालत खराब है। वहां जाने वाले मरीजों को कई बार रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता विकास के दावों और जमीनी हकीकत को अच्छी तरह समझ रही है।
सपा सांसद ने कहा कि वर्तमान में उनकी ताकत अधूरी है। केंद्र और प्रदेश में सपा की सरकार नहीं है। उनके पास मंत्री और विधायक भी नहीं हैं, इसके बावजूद सपा जनता के मुद्दे उठाती रहती है। जो काम उनके स्तर से संभव है, उसे करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा है, लेकिन आज युवा सड़कों पर है और अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहा है। किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और व्यापारी सभी परेशान हैं। महंगाई चरम पर है। उन्होंने भाजपा पर चुनावों में प्रशासन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रशासन और पुलिस की भूमिका सभी ने देखी थी। विपक्ष के लिए बैठक करना तक मुश्किल हो रहा था।
आदित्य यादव ने एसआईआर, चुनाव आयोग, राम मंदिर में चोरी, खाद संकट सहित विभिन्न मुद्दों पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की मूल समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। युवाओं को रोजगार, किसानों को पर्याप्त खाद और उचित व्यवस्था तथा आम लोगों को महंगाई से राहत मिलनी चाहिए।

महासम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री आबिद रजा ने अपने संबोधन में इस बार ‘हम’ के नारे को प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने ‘दम’ का नारा दिया था, लेकिन इस बार पीडीए महासम्मेलन में उनका नारा ‘हम’ है। उन्होंने कहा कि ‘ह’ से हिंदू और ‘म’ से मुस्लिम, दोनों जब एकजुट होकर देश और समाज के हित में खड़े होंगे तो सत्ता परिवर्तन हो जाएगा।
आबिद रजा ने हिंदू-मुस्लिम समाज से भाजपा की कथित नफरत की राजनीति से दूर रहकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में न हिंदू का भला हो रहा है और न मुस्लिम का। दोनों धर्मों के लोगों के उत्पीड़न और शोषण की शिकायतें सामने आ रही हैं। जाति और धर्म के नाम पर किसी का भला नहीं हो रहा है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही और बेगुनाह लोगों के उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार हिंदू-मुसलमान और पाकिस्तान जैसे मुद्दों के जरिए जनता को मूल समस्याओं से भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में अंग्रेजों की तरह ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चल रही है। उन्होंने कहा कि समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने के बजाय सभी वर्गों को एकजुट होना चाहिए।
आबिद रजा ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब करीब तीन माह का समय बचा है। उन्होंने विशेष रूप से यादव समाज से अपील की कि अपने साथ अन्य हिंदू जातियों को जोड़ें, परिवार बड़ा करें और पीडीए को मजबूत करें, जिससे 2027 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जा सके।
उन्होंने नौकरशाही को भी निष्पक्ष होकर काम करने की नसीहत दी। आबिद रजा ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं। अधिकारियों को किसी के दबाव में काम करने के बजाय निष्पक्ष होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यदि कोई अधिकारी दबाव में काम करेगा तो आने वाले समय में उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
आबिद रजा ने अपने संबोधन में ‘जेन जी’, किसान, नौजवान, महंगाई, वोट चोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को भी जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को भी याद किया तथा उनसे जुड़े कई संस्मरण सुनाए। उन्होंने समाजवाद को देश और समाज के हित में बताते हुए कार्यकर्ताओं से विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए चुनावों के दौरान पुलिस और प्रशासन पर लगे उत्पीड़न के आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष होनी चाहिए और सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मिलना चाहिए।
आबिद रजा ने कहा कि सपा सांसद आदित्य यादव के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जीत दिलाकर विधानसभा भेजना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पीडीए की एकजुटता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बदायूं और शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त पीडीए महासम्मेलन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। आरफीन मैरिज लॉन में काफी देर तक कार्यकर्ताओं की भीड़ बनी रही। सम्मेलन के दौरान नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

इंसेट बॉक्स 1

‘ह’ से हिंदू, ‘म’ से मुस्लिम और दोनों मिलकर ‘हम’ : आबिद रजा

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने पीडीए महासम्मेलन में ‘हम’ के नारे को राजनीतिक संदेश के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि ‘ह’ से हिंदू और ‘म’ से मुस्लिम हैं। दोनों समाज जब एकजुट होकर देश और समाज के हित में खड़े होंगे तो सत्ता परिवर्तन का रास्ता तैयार होगा। उन्होंने कहा कि समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने के बजाय सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए की एकजुटता को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया।

इंसेट बॉक्स 2

बदायूं की सभी छह सीटों पर सपा की जीत का लक्ष्य

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि सपा सांसद आदित्य यादव के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जीत दिलाकर विधानसभा भेजना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पीडीए की एकजुटता बढ़ाने और गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं से उन्होंने चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने की अपील की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.