उझानी में हाईवे पर मौत का कहर: अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा जिंदगी-मौत से लड रहा जंग।
उझानी बदांयू 5 अक्टूबर।
बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी क्षेत्र में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची थाना उझानी पुलिस ने घायल को आनन-फानन में राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते जिला मुख्यालय पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि उझानी थाना क्षेत्र के गांव बसौमा निवासी यामीन पुत्र पल्लू अपने गांव के ही साथी युवक मुशाहिद के साथ बदायूं से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक उझानी क्षेत्र में हाईवे पर सिंह हवेली के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर रौंद दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि यामीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मुशाहिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को समीप के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में चीत्कार मच गई। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com