शनि ग्रह की प्रतियुति (Saturn Opposition) के विशेष खगोलीय अवसर पर इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ द्वारा आज आमजन एवं आकाश प्रेमियों के लिए विशेष रात्रि आकाश दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और दूरबीन के माध्यम से शनि ग्रह का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कुल 278 लोगों ने नक्षत्रशाला परिसर से शनि ग्रह का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को शनि ग्रह, उसकी प्रतियुति तथा इस खगोलीय घटना के वैज्ञानिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
हालांकि लखनऊ शहर में प्रकाश प्रदूषण (Light Pollution) अधिक होने के कारण शनि ग्रह आकाश में अपेक्षाकृत देर से स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। लगभग सायं 7:30 बजे शनि ग्रह का अवलोकन संभव हो सका। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दूरबीन के माध्यम से शनि ग्रह को देखा और इस दुर्लभ खगोलीय अवसर का आनंद लिया।
शनि की प्रतियुति वह स्थिति है जब पृथ्वी सूर्य और शनि के बीच स्थित होती है। इस समय शनि सूर्य के लगभग विपरीत दिशा में दिखाई देता है और सामान्यतः पृथ्वी के अपेक्षाकृत निकट होने के कारण इसे देखने का यह एक अनुकूल अवसर होता है।
इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के Sky Watching एवं Astronomical Observation Programmes आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं में खगोल विज्ञान के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जिज्ञासा को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने शनि ग्रह के अवलोकन के साथ-साथ रात्रि आकाश के अन्य खगोलीय पिंडों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुराग अवस्थी, दीपशिखा, मोहम्मद अनस, अभिषेक, अनमोल का मत्वपूर्ण योगदान रहा ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com