9:08 am Monday , 5 October 2026
BREAKING NEWS

पति की संदिग्ध मौत के 14 दिन बाद पत्नी की भी मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

बदायूं

पति की संदिग्ध मौत के 14 दिन बाद पत्नी की भी मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

केशव गुप्ता

उघैती। थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रवेश के रूप में हुई है। हैरान करने वाली बात यह है कि करीब 14 दिन पहले ही उसके पति रिंकू की भी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि प्रवेश अपने तीन बच्चों 12 वर्षीय अक्षित, सात वर्षीय नीतू और करीब दो वर्षीय बच्चे के साथ घर पर थी। मां की मौत के बाद तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में ही बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार करीब 14 दिन पहले प्रवेश के पति रिंकू की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इसी मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच समझौते की बातचीत चल रही थी। प्रवेश के पिता सोहनपाल, मां संतोष और भाई राजेश बिल्सी क्षेत्र के कटिन्हा गांव में समझौते के लिए बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्हें प्रवेश की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
थाना उघैती प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.