कुंवर गांव बदांयू । मढ़िया भांसी रोड स्थित शिव मंदिर के पास रविवार को पीडीए महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में लोधी समाज के साथ ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सहित अन्य समाजों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। महापंचायत में पहुंचे सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और पीडीए के तहत समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव रहे। आयोजन की जिम्मेदारी 115 विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मण प्रसाद लोधी ने संभाली। महापंचायत में पूर्व शिक्षा एवं परिवहन मंत्री मानपाल सिंह लोधी, पूर्व विधायक आरके शर्मा समेत कई नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
सांसद आदित्य यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीडीए महापंचायत में लोधी समाज के साथ अन्य समाजों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे हैं और उन्होंने अपना विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का भरोसा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर बदायूं की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पीडीए महापंचायत का उद्देश्य समाज को जोड़ना है। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को सामने लाने और सपा की सरकार बनने पर उन्हें दूर कर लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
आदित्य यादव ने आरोप लगाया कि पीडीए महापंचायत को निष्फल करने के लिए भाजपा के विधायक और उनके प्रतिनिधियों की ओर से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद गांव-गांव से लोगों का समर्थन मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। उनके अनुसार, जनता ने किसी की बात नहीं सुनी और महापंचायत में भारी संख्या में एकजुट होकर पहुंची।
मेडिकल कॉलेज और खाद के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सांसद आदित्य यादव ने केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा पर निशाना साधते हुए बदायूं मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उझानी जाते समय बदायूं से निकलते हुए मेडिकल कॉलेज रास्ते में पड़ता है, लेकिन उसकी दुर्दशा कभी मंत्री जी को दिखाई नहीं देती। उन्होंने किसानों को समय से खाद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि खाद लेने के दौरान दुकानदारों द्वारा किसानों को अन्य सामग्री भी साथ में लेने के लिए मजबूर किया जाता है।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आदित्य यादव ने कहा कि ऐसी डबल इंजन की सरकार चल रही है, जिसमें उनके अनुसार वोट चोरी और चंदा चोरी हो रही है। उन्होंने पूरे प्रदेश में 13 करोड़ वोट काटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का भाजपा सरकार केवल नाम बदलने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बदायूं से लखनऊ तक ट्रेन चलाने का काम सपा सरकार ने किया था, लेकिन भाजपा के विधायक और मंत्रियों ने झंडी दिखाकर इसका श्रेय लेने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनाने का प्रयास किया जाएगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे।
लक्ष्मण प्रसाद लोधी ने बताई कार्यक्रम की तैयारियों की बात
महापंचायत के आयोजक लक्ष्मण प्रसाद लोधी ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रही भीड़ को देवचरा पर रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि कुंवर गांव में कार्यक्रम के लिए कई स्थानों पर जगह तलाश की गई, लेकिन भाजपा के लोगों ने जगह उपलब्ध नहीं होने दी। इसके बाद हरीश शंखदार के खेत में कार्यक्रम आयोजित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग महापंचायत में पहुंचे।
पूर्व शिक्षा एवं परिवहन मंत्री मानपाल सिंह लोधी ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की चिंता नहीं कर रही है। उन्होंने अयोध्या के मंदिर में हुई चोरी को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे चंदा चोरी से जोड़कर टिप्पणी की।
पूर्व विधायक आरके शर्मा ने सदर विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे विधायक से जनता को क्या फायदा, जो किसी सिपाही या दरोगा का स्थानांतरण तक नहीं करा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी विभाग में विधायक की बात कर्मचारी तक नहीं सुनते।
महापंचायत के दौरान लोधी समाज को संगठित करने और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को पीडीए के तहत एकजुट करने की बात कही। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक आरके शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष अतुल पटेल, मोहतशाम सिद्दीकी, हरीश शंखदार, आंवला से डॉ. जीराज यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com