उझानी में दिनदहाड़े महिला को बनाया शिकार: बहन बनाकर लूटे डेढ़ लाख के झुमके।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर।
उझानी/बदायूं 4 अक्टूबर।
उझानी पुलिस की तमाम सख्ती के दावों के बावजूद सक्रिय ठग-बदमाश बाज नहीं आ रहे हैं। नगर में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां राह चलती महिला को दो शातिर युवकों ने झांसे में लेकर बहन बना लिया और फिर सुनसान गली में ले जाकर उसके कानों से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने के कुंडल लूटकर फरार हो गए। होश आने पर पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला अहिरटोला निवासी सुनील प्रजापति की पत्नी श्रीमती दुर्गेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर वह अपने घर से अपनी जेठानी के घर जा रही थीं।
पीड़िता के मुताबिक रास्ते में उसे दो युवक मिले, जो उसे देखते ही अपनी बहन बताने लगे। बातों ही बातों में दोनों ने उसे इस कदर अपने झांसे में उलझा लिया कि वह उनके कहने पर उनके साथ चल दी।
पीड़िता ने बताया कि दोनों युवक उसे देवनागरी स्कूल के सामने वाली गली में सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां एक युवक ने उसके कानों में पहने सोने के कुंडल उतार लिए। पीड़िता का आरोप है कि जब एक युवक कुंडल उतार रहा था, तो दूसरा युवक गली के बाहर नजर रख रहा था। कुंडल लूटने के बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों ने पता नहीं उसके साथ ऐसा क्या किया कि उसे होश ही नहीं रहा। जब होश आया तब उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़िता के अनुसार उसके सोने के कुंडल करीब एक तोला वजनी थे, जिनकी कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा है।
पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी युवकों को जल्द पकड़कर उसके लूटे गए कुंडल बरामद कर वापस दिलाए जाएं।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस चाहे कितनी ही सख्ती के दावे कर ले, लेकिन बदमाश वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com