।
बदायूं 3 अक्टूबर ।
शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाईपास पर एक और नया रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके लिए एआरटीओ कार्यालय के पास जमीन चिह्नित कर ली गई है और प्रस्ताव भी बनकर तैयार हो गया है।
जिला प्रशासन की मुहर लगते ही दो-एक दिन में प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। शासन से हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अभी शहर में एक ही रोडवेज बस अड्डा है, जो शहर के बीचों-बीच स्थित है। वहां तक पहुंचने के लिए बसों को आधा शहर पार करना पड़ता है। संकरी सड़कों और अतिक्रमण के कारण शहीद भगत सिंह चौक से लेकर लालपुल तक लंबा जाम लगता है, जिसे खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट जाते हैं। रोडवेज बसें भी लेट होती हैं और शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो जाती है।
इसी समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने पिछले दिनों बाईपास का निरीक्षण किया था।
अधिकारियों का मानना है कि बाईपास पर नया बस अड्डा बनने से दिल्ली, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाली बसों को शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे बाईपास से ही गुजर जाएंगी। इससे आधी से ज्यादा बसें शहर में नहीं आएंगी और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
साथ ही बाईपास के आसपास विकास की रफ्तार तेज होगी। बस अड्डे के 500 मीटर के दायरे में दुकानें, होटल-ढाबे खुलेंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
शहर के बाईपास पर एक और रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। प्रस्ताव बनकर तैयार है। दो-एक दिन में शासन को भेज दिया जाएगा। अगर यह पास हो गया तो शहर की बहुत बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा- मानवेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन, बदायूं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com