बिल्सी के मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, दो घंटे में पाया काबू।
बिल्सी (बदायूं) 3 अक्टूबर ।
नगर की गणेश कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसने टावर के कंट्रोल रूम, केबिन और पूरी वायरिंग को अपनी चपेट में ले लिया। टावर से ऊंची लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने देर रात टावर से आग की ऊंची लपटें और धुआं निकलते देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना के दौरान लोगों ने आग का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग आसपास स्थित घरों तक नहीं पहुंची। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
आग से मोबाइल टावर का केबिन रूम और उसमें लगे सभी उपकरण पूरी तरह जल गए। टावर की वायरिंग भी आग की चपेट में आने से काफी नुकसान हुआ। आग लगने के कारण टावर के कई उपकरण जलने से नुकसान का अनुमान है।
अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगने की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने बताया कि मोबाइल टावर में आग लगने के मामले की जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com